संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। अग्निशमन विभाग जनता, उद्योगों और होटलों को जरूरी सेवाएं तो प्रदान करता है, लेकिन इसके बदले में कोई भी शुल्क नहीं लेता। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विभाग ने सरकार को एक प्रस्ताव भेजा है, जिसमें अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने पर शुल्क लगाने का आग्रह किया गया है। फायर ब्रिगेड कार्यालय से हर होटल और उद्योग के लिए एनओसी लेना अनिवार्य है, लेकिन वर्तमान में इसके लिए कोई शुल्क निर्धारित नहीं है, जबकि प्रदेश के सभी विभाग एनओसी शुल्क लेते हैं। उधर, इस संबंध में फायर विभाग के स्टेट चीफ ऑफिसर संजीव कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से एनओसी जारी करने पर फीस लगाने के प्रावधान को लेकर सरकार को एक प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पर सरकार जल्द ही कोई निर्णय लेगी।