पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा
मौके से फरार चल रहे ट्राला चालक की धड़पकड़ भी तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/परवाणू। जिरकपुर-शिमला नेशनल हाइवे पांच पर कामली पुल के पास हुए सड़क हादसे में दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों का सौंप दिए हैं। जबकि घायल तीन लोगों को पंचकुला अस्पताल के रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम करीब 6:30 बजे बाईपास परवाणू कामली पुल के पास शिमला की ओर से पंचकूला जा रहा एक ट्राला अनियंत्रित होकर फोरलेन सड़क के डिवाइडर व रेलिंग को तोड़ते हुए शिमला की तरफ जाने वाली फोरलेन सड़क पर चला गया था और शिमला की तरफ जा रही एक कार को टक्कर मारकर आरसीसी दीवार के साथ दबा दिया था। जिसमें एक बाइक भी चपेट में आई थी। ट्राला को जेसीबी मशीनों से हटाकर कार में सवार 4 घायल व्यक्तियों व बाइक सवार दंपति व उनकी तीन साल की बेटी को निकालकर इलाज के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू ले जाया गया था। जहां पर डॉक्टरों ने कार में सवार 2 व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया था। इनकी पहचान पुलिस ने 35 वर्षीय कार चालक आदित्य पुत्र तेज राम गौतम निवासी गांव व डाकघर चुराग तहसील करसोग जिला मंडी और 30 वर्षीय हरमनप्रीत सिंह पुत्र वलविंदर सिंह निवासी फरीदकोट पंजाब के रूप में की है। जबकि कार सवार घायलों में 36 वर्षीय अंकुश जरयाल पुत्र पुरूषोत्तम निवासी पक्का टियाला डाकघर कंडवाल तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा, 35 वर्षीय विजय शर्मा पुत्र विनोद कुमार निवासी गांव लेहचोड़ा डाकघर जिला बागपत उत्तर प्रदेश और बाइक सवार घायलों में 38 वर्षीय बाइक चालक राज कुमार निवासी कोटी तहसील कसौली, निशा और तीन वर्षीय अदिति पुत्री राज कुमार घायल हुए थे। इनमें से तीन घायलों राज कुमार, अंकुश जरयाल व विजय शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए सिविल अस्पताल सेक्टर 6 पंचकूला के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले की पुष्टि डीएसपी परवाणू ने की है, उन्होंने बताया कि फरार ट्राला चालक की तलाश जारी है।