हिमाचल के 5 जिलों में दर्ज हैं 12 मामले, जम्मू के कठुआ का रहने वाला है आरोपी मोहम्मद शरीफ
पांच फरवरी को धर्मपुर के एक घर में दिया था चोरी को अंजाम
ठियोग पुलिस ने पकड़ा आरोपी, सोलन पुलिस के हवाले किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन के धर्मपुर में लाखों रुपये के गहने चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद शरीफ (पुत्र मोहम्मद गुलजार) निवासी गांव कोटी चडियार, तहसील बनी, जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी एक आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में चोरी के करीब 12 मामले दर्ज हैं। चोरी की यह वारदात 5 फरवरी 2026 को धर्मपुर में हुई थी। शिकायतकर्ता करण कुमार ने पुलिस को बताया था कि वारदात के वक्त वह ड्यूटी पर थे और परिवार के अन्य सदस्य सत्संग में गए हुए थे। जब परिजन घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और अलमारी से करीब 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने गायब थे। धर्मपुर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी, इसी बीच सूचना मिली कि शिमला जिले के ठियोग थाने में एक संदिग्ध को निवारक धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया है। जब धर्मपुर पुलिस की टीम ने ठियोग पहुंचकर गहन पूछताछ की, तो आरोपी ने धर्मपुर में हुई चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने 12 मार्च को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। एसपी सोलन टी.एसडी वर्मा ने बताया कि आरोपी आदतन चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 12 मामले दर्ज हैं। इनमें पुलिस थाना सदर सोलन में 1, पुलिस थाना अर्की में 2, जिला चंबा के पुलिस थाना चुवाड़ी में 1, जिला हमीरपुर के पुलिस थाना सदर व सुजानपुर में 2, जिला मंडी के पुलिस थाना सुंदरनगर, मंडी सदर व सरकाघाट में 4 तथा जिला शिमला के पुलिस थाना ठियोग में 2 मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।