दभोटा में सात दिवसीय दिव्य गो कथा का भव्य शुभारंभ
संवाद न्यूज़ एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। जय श्रीराम गोशाला दभोटा में सात दिवसीय दिव्य गो कथा का शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ। कथा के प्रथम दिन हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध गो कथावाचक पंडित मदनलाल दुर्वासा (बिलासपुर) ने अपनी ओजस्वी वाणी से गोमाता की महिमा का वर्णन किया। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
पंडित मदनलाल दुर्वासा ने कहा कि गो कथा सनातन परंपरा की प्राचीन चेतना से जुड़ी है। गो माता केवल पशु नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, धर्म और आध्यात्मिक परंपरा की आधारशिला हैं। जिस प्रकार वृक्ष को हरा-भरा रखने के लिए उसकी जड़ों को सींचना जरूरी है, उसी प्रकार सनातन संस्कृति को मजबूत बनाए रखने के लिए गो माता की सेवा और संरक्षण आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि गो माता धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष चारों पुरुषार्थों की प्रदाता हैं। गौ माता की रक्षा केवल धार्मिक कर्तव्य नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, संस्कारों और आने वाली पीढ़ियों की विरासत को सुरक्षित रखने का संकल्प है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर गौ सेवा के अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
इससे पहले गोशाला कमेटी की ओर से कथावाचक का भव्य स्वागत किया गया। पंडित दुर्वासा ने आयोजन के लिए कमेटी के पदाधिकारियों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी। साथ ही श्रद्धालुओं से सात दिवसीय आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया। इस अवसर पर मास्टर बख्शी राम, जयपाल चंदेल, गुरपाल सिंह सहित गौशाला कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।