संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। पीजीआई में घायल 15 कामगारों में से 11 की हालत में सुधार आने पर घर भेज दिया गया। अब पीजीआई में चार ही घायल कामगार हैं। पुलिस ने पिकअप का चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। जिसका मेडिकल कराया जा रहा है। बुधवार देर रात मजदूरों को लेकर जा रही एक पिकअप रोहतावाला में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गईं थी। इसमें 20 कामगार सवार थे। सभी कामगार घायल हो गए थे। 16 कामगार नालागढ़ अस्पताल व चार कामगारों को बद्दी अस्पताल पहुंचाया गया। नालागढ़ से 13 व बद्दी से दो कामगारों को पीजीआई रेफर किया गया था। जबकि दो कामगारों को बद्दी से नालागढ़ अस्पताल भेज दिया गया। पीजीआई में 15 कामगारों में से 11 की हालत ठीक होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं नालागढ़ अस्पताल में उपचाराधीन चार कामगारों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया था। अब केवल चार कामगार पीजीआई में उपचाराधीन हैं और चारों की हालत खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद पिकअप का चालक फरार हो गया था। मानपुरा पुलिस ने नालागढ़ के गोयला पन्नर के चालक मनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। चालक को मेडिकल कराया जा रहा है। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। यह हादसा चालक की लापरवाही व तेज रफ्तारी के चलते हुआ है।