डिवाइन पब्लिक स्कूल धर्मपुर में धूमधाम से मनाया बाल दिवस
संवाद न्यूजए जेंसी
धर्मपुर (सोलन)। डिवाइन पब्लिक स्कूल धर्मपुर में बाल दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं।
बाल दिवस पर विद्यार्थियों ने स्कूल से बशोलू खुर्द गांव तक ट्रैकिंग की। इसके बाद रेलवे ट्रैक के साथ होते हुए धर्मपुर पुल तक का सफर तय किया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को प्रकृति के करीब आने और आसपास के क्षेत्रों को जानने का अवसर मिला। साथ ही उनमें टीम भावना, आपसी सहयोग और एकजुटता की भावना भी विकसित हुई।
स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अलावा हैंड पेंटिंग और गुब्बारे फोड़ने जैसी मनोरंजक गतिविधियां करवाई गईं। बच्चों ने इनमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्कूल प्रबंधन की ओर से सभी विद्यार्थियों को जलपान भी करवाया गया।
स्कूल प्रबंधन और अध्यापकों ने बाल दिवस को यादगार बनाने के लिए विशेष प्रयास किए। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ मनोरंजक एवं अनुभवात्मक गतिविधियों से सीखने का अवसर मिला। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के माहौल में हुआ।