चायल-कंडाघाटसड़क परपड़े हुए गड्ढे। संवाद
29 किलोमीटर के सफर में हर कदम पर जोखिम, विभाग को बजट का इंतजार
पर्यटकों समेत स्थानीय लोगों को आवाजाही करने में आ रही दिक्कतें
संजय आजाद
चायल (सोलन)। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल चायल को जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। कंडाघाट से चायल तक 29 किलोमीटर लंबी सड़क में लगभग हर जगह गड्ढे नजर आते हैं। वहीं तंग सड़क होने के कारण वाहन साइड देना भी मुश्किल हो गया है। सड़क के किनारे लगे पैरापिट पूरी तरह टूट चुके हैं। वर्षाशालिकाएं जर्जर होकर गिरने के कगार पर हैं और कई पुराने पुल अब भारी वाहनों का बोझ नहीं सह पा रहे। ऐसे जर्जर पुल और सड़क की खराब हालत दुर्घटनाओं के लिए बढ़ते खतरे का कारण बन रही है। पर्यटन सीजन में बड़ी बसों और हजारों पर्यटकों के आवागमन के दौरान यह मार्ग सुरक्षित यात्रा के लिए खतरे से भरा बन जाता है। स्थानीय लोग बता रहे हैं कि पिछले चार वर्षों में इस महत्वपूर्ण पर्यटन मार्ग की मरम्मत के लिए ठोस कार्य नहीं किए गए हैं। स्थानीय निवासियों संजय ठाकुर, राजेश ठाकुर, गौरी दत्त शर्मा और आसपास की पंचायतों के लोगों ने सरकार व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से सड़क, पैरापिट और पुलों की तुरंत मरम्मत की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की खराब स्थिति से वाहन चलाना मुश्किल हो गया है और एक घंटे का सफर 2 से 3 घंटे में पूरा होता है। साथ ही सड़क की खराब हालत के कारण अब पर्यटकों की संख्या भी कम हो गई है।
कोट
विभाग ने इस सड़क की मरम्मत के लिए उच्च अधिकारियों को एस्टीमेट भेज दिया है। बजट मंजूर होते ही मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा।
शुभम अग्रवाल, सहायक अभियंता,पीडब्ल्यूडी