सोलन बस अड्डे पर उजड़ने की कगार पर सस्ते खाने की दुकान ।
- फोटो : अमर उजाला
बस स्टैंड सोलन में यात्रियों को महज 25 रुपये में खाने की थाली मुहैया करवाने की प्रशासन की योजना शुरुआती दौर में ही हांफ चुकी है। इसका कारण योजना के लिए आवंटित काउंटर के चारों तरफ लोकल बसों का खड़ा होना बताया जा रहा है।
इस कारण यात्रियों को काउंटर नहीं दिखता और वह महंगी दरों पर भोजन खाने को मजबूर हैं। लोगों ने आरएम के माध्यम से उपायुक्त सोलन को शिकायत कर काउंटर का स्थान बदलने की मांग की है।
सरकार ने सोलन बस स्टैंड में करीब एक माह पहले राजीव थाली योजना को शुरू किया था लेकिन शुरुआती दौर में ही यह योजना काउंटर के लिए सही स्थान उपलब्ध न होने से बंद होने की कगार पर है। सरकार की ओर से इस योजना के तहत थाली का मूल्य 25 रुपये रखा है।
लोगों में अजितेष, अनिल, प्रवीण कुमार, दीपक, संदीप और मनवीर ने कहा कि बस अड्डे पर हर समय बसों से दुकान ढकी रहती है। ऐसे में दूर-दराज का सफर करने वाले सैकड़ों यात्री सरकार की सस्ता खाना मुहैया करवाने की योजना का लाभ नहीं उठा पाते।
काउंटर चलाने वाले नासीर अली के मुताबिक रोजना 1500 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। आरएम डीके नारंग ने कहा कि शिकायत मिली है। समस्या को लेकर उपायुक्त सोलन और एसपी सोलन को पत्र लिखा है। जल्द ही मौके का निरीक्षण कर योजना को सफल बनाने के प्रयास किए जाएंगे।