लोगों को 20 किमी का करना पड़ रहा अतिरिक्त सफर, 230 रुपये चुकाना पड़ रहा टोल
सोलन समेत सिरमौर को चंडीगढ़ से जोड़ती है यह मुख्य सड़क
जुलाई 2025 में ढह गया था सड़क का करीब 300 मीटर का हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन और सिरमौर को चंडीगढ़ व ट्राई सिटी से जोड़ने वाली जोहड़जी-भोजनगर-चक्कीमोड़ सड़क पिछले 10 माह से बंद पड़ी है। लोक निर्माण विभाग की सुस्ती के कारण हजारों ग्रामीणों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार जुलाई 2025 में हुई भारी बारिश और भूस्खलन के कारण तड़ोल गांव के पास सड़क का करीब 300 मीटर हिस्सा पूरी तरह बह गया था। तब से लेकर अब तक न तो सड़क बहाल हुई और न ही कोई वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया। परिणामस्वरूप स्थानीय लोगों को वाया कुमारहट्टी होकर जाना पड़ रहा है, जिससे सफर 20 से 50 किलोमीटर तक बढ़ गया है। कुमारहट्टी मार्ग से जाने पर सनवारा टोल प्लाजा पर प्रतिदिन 230 रुपये का टोल चुकाना पड़ रहा है। इसके साथ शिमला-कालका फोरलेन पर जाम के कारण यात्रियों के रोजाना एक से डेढ़ घंटा बर्बाद हो रहे हैं। इस रूट पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम का रूट भी बंद हो गया है। इससे भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने अपनी समस्या को लेकर स्थानीय विधायक विनोद सुल्तानपुरी और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के समक्ष कई बार गुहार लगाई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। सड़क बंद होने से सैकड़ों गांवों का संपर्क कट गया है और रोजमर्रा के कार्यों के लिए लोगों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। उधर, लोक निर्माण विभाग कसौली मंडल के अधिशासी अभियंता ई. गुरमिंदर सिंह राणा ने बताया कि सड़क बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि अगले एक सप्ताह के भीतर सड़क को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।