चंबा से किया था गिरफ्तार, 4.50 लाख का सामान लेकर हो गया था फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। दाड़लाघाट थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में चंबा से गिरफ्तार आरोपी को अदालत ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी से संबंधित अन्य चोरियों को लेकर भी पूछताछ शुरू कर दी है, जिससे कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस के अनुसार रविवार को दाड़लाघाट थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के उपकरण बरामद किए गए हैं। उत्तर प्रदेश निवासी जुबेर अंसारी, जो टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड डिवीजन अर्की में साइट इंजीनियर हैं, ने 24 अप्रैल को थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी कंपनी ने बिजली बोर्ड से ट्रांसफार्मर, पोल और तार बिछाने का कार्य टेंडर के माध्यम से लिया था। कंपनी ने यह कार्य दिलधार पुत्र तालवदीन निवासी गांव कुनडोडी, डाकघर जुगरा, तहसील चुराहा, जिला चंबा को सौंपा था। 10 अप्रैल को कार्य के लिए आरोपी को उपकरण दिए गए थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये थी। इसके बाद आरोपी उपकरणों के साथ फरार हो गया था। एसपी सोलन राजकुमार ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है।