फाइनल में शक्तिघाट की टीम को पराजित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। ढकरियाना में आयोजित दो दिवसीय माहूंनाग मेले के समापन अवसर पर दून के विधायक चौधरी रामकुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर कबड्डी, वाॅलीबाल व मटका फोड़ की रोमांचित प्रतियोगिताएं करवाई गई। पंचायत के प्रधान प्रेम सिंह ने बताया कि मेले के पहले दिन मंदिर पूजा-अर्चना के बाद झंडा चढ़ाने की रस्म के साथ किया। मेले में सैकड़ों लोगों ने माहुंनाग देवता के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर शीश नवाया। दूसरे दिन विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं के फाइनल मैच करवाए गए। माहूनाग युवा क्लब के प्रधान मुकेश शर्मा ने बताया कि कबड्डी की प्रतियोगिता में ठाना बद्दी की टीम विजेता और शक्तिघाट की टीम को उप विजेता घोषित किया गया। वाॅलीबाल में एसएसडी क्लब कालका ने बनी की टीम को हराकर पुरस्कार अपने नाम किया। मटका फोड़ में धर्म सिंह ने बाजी मारी। मुख्यातिथि चौधरी रामकुमार ने लोगों को मेले की शुभकामनाएं दी व विजेता तथा उप विजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। विधायक ने ढकरियाना संपर्क सड़क से माहू नाग मंदिर तक इंटरलॉक टाइल लगाने के लिए चार लाख, आवंटी से मझेढ़ संपर्क मार्ग के लिए डेढ़ लाख, सुआ खाली में पुली निर्माण की लिए दो लाख, जराबल क्यारतु में पुली निर्माण के लिए पचास हजार व माहूंनाग यूथ क्लब को कबड्डी मैट के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की।