धर्मपुर के प्राथमिक स्कूल का है मामला,स्कूल प्रबंधक ने स्वास्थ्य विभाग को दी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय प्राथमिक स्कूल धर्मपुर में एक साथ दस बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इसमें बच्चों को उल्टी और चक्कर आने लगे। स्कूल प्रबंधक ने इसकी सूचना स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को दी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को 108 की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। यहां पर बच्चों को ग्लूकोज, ओआरएस का घोल देकर प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद सभी को घर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार राजकीय प्राथमिक पाठशाला धर्मपुर में दोपहर के भोजन से पहले बच्चों की तबीयत खराब हो गई। इसमें दस बच्चों को चक्कर और उल्टी लगनी शुरू हो गई। स्कूल प्रबंधक ने जब यह देखा तो इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। जिसके बाद बच्चों को धर्मपुर अस्पताल पहुंचाया गया। इसमें एक बच्चे की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे सोलन अस्पताल भेजा गया। लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उसे वहां से भी छुट्टी दे दी गई है। खंड स्वास्थ्य अधिकारी धर्मपुर डॉ. अल्पना ने बताया कि बच्चों की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्हें ओरआरएस, ग्लूकोज दिया गया है। सेहत में सुधार आने के बाद उन्हें घर भेज दिया है। उन्होंने बताया कि बच्चे एकदम से बीमार क्यों पड़ गए इसकी जांच की जा रही है।
बीमार कैसे हुए इसकी जांच जारी
उधर, शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक मोहिंद्र चंद पिरटा ने कहा कि स्कूल से बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली थी। बताया जा रहा है कि यह बच्चे पहले से ही बीमार चल रहे थे। दोपहर का खाना खाने से पहले ही बच्चे बीमार हुए थे। बच्चों ने स्कूल में पानी भी नहीं पिया। अब वह बीमार कैसे हुए इसकी जांच की जा रही है। हालांकि अब सभी बच्चों की सेहत में सुधार है, उन्हें अभिभावकों के साथ घर भेज दिया है।