टेट पास शिक्षक तैनात न करने पर होगी सख्त कार्रवाई
कई स्कूलों में कम वेतन पर कम पढ़े-लिखे शिक्षक हैं तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। निजी स्कूल प्रबंधकों को नए शिक्षा सत्र से टेट पास अध्यापक रखने के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हालांकि इससे पहले भी निजी स्कूलों को टेट पास अध्यापक रखने के लिए कहा गया था, लेकिन निजी स्कूल प्रबंधकों ने मनमानी करते हुए शिक्षा विभाग के निर्देशों की कोई परवाह नहीं की। वहीं इस बार शिक्षा विभाग इसको लेकर सख्त हो गया है। निजी स्कूलों का निरीक्षण कर प्रबंधकों पर शिकंजा भी कसा जाएगा।
जानकारी के अनुसार सभी निजी स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाने वाले शिक्षक टेट पास होने जरूरी हैं। वर्तमान में कई निजी स्कूल प्रबंधकों ने विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए कम शिक्षित अध्यापक रखे हैं। जिले में कई निजी स्कूल प्रबंधकों की ओर से रखे गए कई अध्यापक स्नातक तक भी नहीं हैं और वे विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। उधर, शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा मोहिंद्र चंद पीरटा ने बताया कि निजी स्कूल प्रबंधकों को टेट पास शिक्षक तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं अन्यथा शिक्षा विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी निजी स्कूल प्रबंधकों की होगी।