पूर्व विधायक परमजीत सिहं पम्मी टायरिंग का जायजा लेते हुए- स्रोत- ग्रामीण।
बोले, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत केंद्र सरकार ने जारी किए 22.50 करोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। दून क्षेत्र के पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि लोक निर्माण विभाग मंडल कसौली के तहत कुठाड़-रामपुर-भाट की हट्टी सड़क पर टारिंग का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। पूर्व विधायक ने बताया कि यह सड़क पिछली बरसात में भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे लंबे समय तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही थी। परमजीत सिंह पम्मी ने दावा किया कि इस 21 किलोमीटर लंबी सड़क को पक्का करने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत 22.50 करोड़ रुपये की राशि पूर्व में रही भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत की थी। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार, पट्टा नाली पंचायत के अंतर्गत बेरघाट-कैंथा-गुणाई सड़क के लिए भी पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की सरकार ने 10.35 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की थी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से इस सड़क पर भी टारिंग का काम जल्द शुरू करने की मांग की। पम्मी ने वर्तमान कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह पूर्व में स्वीकृत किए गए विकास कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है, जबकि जनता सब कुछ जानती है। उधर, दून भाजपा पट्टा मंडल के अध्यक्ष खेमचंद ठाकुर, खुशदेव ठाकुर, नरेंद्र शर्मा, ललित शर्मा सहित अन्य स्थानीय लोगों ने सड़क पर टारिंग शुरू होने पर संतोष जताया।