सप्लाई बाधित होने से मरम्मत कार्य प्रभावित, ठेकेदार परेशान
सोमवार को सिर्फ सफाई का ही कार्य कर पाए ठेकेदार के मजदूर
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)।धर्मपुर-सुबाथू मार्ग पर चल रहा सड़क के नवीनीकरण का कार्य तारकोल की किल्लत के कारण अचानक रुक गया है। पिछले दो दिनों से युद्ध स्तर पर जारी टारिंग का काम सोमवार को सप्लाई न पहुंचने की वजह से ठप रहा। इससे न केवल कार्य की गति धीमी पड़ी है, बल्कि ठेकेदारों को लेबर के खर्च की चिंता भी सताने लगी है। सोमवार सुबह जब मजदूर और मशीनरी सड़क पर काम शुरू करने पहुंचे, तो तारकोल उपलब्ध न होने के कारण मुख्य कार्य शुरू नहीं हो सका। दिन भर मजदूर केवल सड़क के किनारों की सफाई और छोटे-मोटे पैच वर्क तक ही सीमित रहे। ठेकेदारों का कहना है कि वर्तमान में पूरे प्रदेश में तारकोल की अनियमित सप्लाई की समस्या बनी हुई है, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बीच में लटके हुए हैं।
कोट
तारकोल की खेप समय पर न पहुंच पाने के कारण सोमवार को काम रोकना पड़ा। उम्मीद है कि मंगलवार तक सप्लाई बहाल हो जाएगी। जैसे ही सामग्री उपलब्ध होगी, टारिंग का कार्य दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। विभाग का लक्ष्य डगरोह पुल तक की सड़क को जल्द से जल्द चकाचक करना है,ताकि जनता को धूल और खराब रास्तों से निजात मिल सके।
-साहिल कुमार,सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी