बद्दी में आयोजित मासिक अपराध बैठक में मौजूद एसपी व अन्य पुलिस अधिकारी। स्त्रोत:पुलिस
बद्दी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में क्राइम बैठक
लंबित मामलों के निपटारे और अपराध नियंत्रण पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। पुलिस अधीक्षक कार्यालय बद्दी के कांफ्रेंस हॉल में क्राइम बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने की। इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी, उप पुलिस अधीक्षक नालागढ़ और थाना एवं चौकी प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक का उद्देश्य लंबित आपराधिक मामलों के शीघ्र निपटारे, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों को गति देना और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा। अधिकारियों ने इन विषयों पर विस्तृत चर्चा की और रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बनाए रखने और शांति व कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सक्रिय रहें।
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध नशे के विरुद्ध और भी अधिक प्रभावी एवं निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी और बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।