बद्दी में रहने वाला चंबा का क्रिकेट खिलाड़ी स्वास्तिक
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के अमरावती अपार्टमेंट में रहने वाले स्वास्तिक ने क्रिकेट के मैदान में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। चंबा जिले के डग गांव से ताल्लुक रखने वाले स्वास्तिक का चयन सोलन जिले की अंडर-14 क्रिकेट टीम में बतौर गेंदबाज हुआ है। स्वास्तिक वर्तमान में बीएल स्कूल बद्दी में आठवीं कक्षा के छात्र हैं। स्वास्तिक के पिता बेअंत सिंह ने बताया कि वीरवार को जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से उन्हें चयन का आधिकारिक पत्र प्राप्त हुआ। चयन के बाद स्वास्तिक ऊना में शुरू होने वाले प्रशिक्षण कैंप के लिए रवाना हो गए हैं। इस कैंप में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद वह राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में सोलन जिले की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी गेंदबाजी का जौहर दिखाएंगे।