संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। एसवीएन स्कूल कुनिहार में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष सात दिवसीय शिविर के पांचवें दिन सेवा, स्वास्थ्य और संस्कृति से जुड़ी
विभिन्न गतिविधियां हुईं। दिन की शुरुआत प्रात: कालीन प्रार्थना एवं योग सत्र से हुई, इसमें सभी स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने हाथों में झाड़ू और पोस्टर लेकर स्वच्छता का संदेश फैलाया और स्वच्छ भारत के प्रति जनजागरण का संकल्प लिया। दोपहर के सत्र में स्वास्थ्य एवं पोषण विषय पर एक प्रेरक व्याख्यान आयोजित किया गया, इसमें छात्रों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई। शाम के कार्यक्रम में स्वयंसेवकों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशा उन्मूलन और सड़क सुरक्षा जैसे सामाजिक विषयों पर प्रस्तुति दी।