धर्मपुर में स्वतंत्रता दिवस पर दो दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। धर्मपुर के आर्य समाज हॉल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दो दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता हुइ। एवर ग्रीन स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ सब-जूनियर खिलाड़ी वेयोग ने किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाना और उन्हें शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना है।
प्रतियोगिता के पहले दिन कई वर्गों में कड़े मुकाबले देखने को मिले। अंडर-13 वर्ग में सुमित ने प्रयांशु को 15-10, 15-12 से हराया। अंडर-17 वर्ग में भव्य ने वैभव को 15-12, 15-11 से पराजित किया। अंडर-11 वर्ग में रिहान ने आरुल को 15-6, 15-9 से मात दी। अंडर-13 के एक अन्य मैच में मृदुल ने रिहान को 15-13, 15-12 से हराया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी कई महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे।
एवर ग्रीन स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान हरीदत्त ने बताया कि यह प्रतियोगिता स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर साल आयोजित की जाती है। इसका मुख्य लक्ष्य बच्चों में खेल के प्रति रुचि और उत्साह को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें एकल और युगल दोनों तरह के मुकाबले शामिल हैं, जिससे खिलाड़ियों को अपनी पसंद के अनुसार खेलने का अवसर मिलता है।