निजी स्कूल से एक विद्यार्थी भी नहीं बना पाया टॉप टेन में जगह
कला और वाणिज्य संकाय में चार छात्राओं ने किया टॉप टेन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेश शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी जमा दो परीक्षा परिणाम में ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली बेटियों का दबदबा रहा है। जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल अर्की, ओच्छघाट और दाड़लाघाट स्कूल की छात्राओं ने परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विषय वार की सूची में दो विषयों में टॉप टेन में जगह बनाई है। जबकि शहर के बड़े निजी और सरकारी स्कूलों में से एक भी विद्यार्थी टॉप टेन में जगह नहीं बना पाया है। यहीं नहीं विज्ञान संकाय में तो जिला से एक भी विद्यार्थी प्रदेश की सूची में शामिल नहीं हो सका। जिले में स्कूल स्तर पर भी बेटियों का दबदबा रहा है। जिसमें जिला स्तर में अधिकतर स्कूल में भी बेटियां पहले स्थान पर रही हैं।
जानकारी के अनुसार 2023-24 सत्र में बोर्ड की परीक्षा में भी बेटियों ने अपना दबदबा बरकरार रखा है। जिसमें सरकारी स्कूलों की छात्राओं ने जिले के बड़े नामी स्कूल को भी पीछे छोड़ दिया है। इसमें दाड़लाघाट स्कूल की छात्रा भारती पुत्री धनपत निवासी डवारों दाड़लाघाट ने 478 अंक लेकर वाणिज्य संकाय में परिणाम 95.60 फीसदी रहा है। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की छात्रा हिमांशी गोयल पुत्री परमोद गोयल निवासी ओच्छघाट 477 अंक लेकर वाणिज्य में 95.40 प्रतिशत अंक लेकर टॉप टेन में है। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की छात्रा अर्की की ईशा पुत्री कमल देव निवासी वार्ड तीन अर्की ने 483 अंक लेकर कला संकाय में 96.60 फीसदी अंक हासिल किए हैं। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल दाड़लाघाट की नेहा देवी पुत्री प्रेम लाल निवासी गोवां दाड़लाघाट ने 478 अंक लेकर कला संकाय में 95.60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
उधर, शिक्षा उपनिदेशक डॉ. जगदीश नेगी ने बताया कि बेटियों का बोर्ड की परीक्षा परिणाम सराहनीय रहा है। जिसमें सोलन की छात्राओं ने कला और वाणिज्य संकाय में टॉप टेन में जगह बनाई है। उन्होंने सभी मेधावी छात्राओं उनके अभिभावकों और अध्यापकों को बधाई दी है।