प्रशासन और जनता का बेहतर तालमेल किसी भी क्षेत्र के विकास को चार चांद लगा सकता है। ऐसे में अगर अधिकारी अपने क्षेत्र में विकास का जनून रखते हों तो क्षेत्र की कायाकल्प होने से कौन रोक सकता है। सुबाथू छावनी परिषद सीईओ तनू जैन ने भी इन्हीं शब्दों के साथ लोगों की सहभागिता के साथ एक अनूठी मुहिम छेड़ी है। इस योजना के तहत सार्वजनिक स्थलों पर सुंदर मूर्तियां और फूलों के गमले लगाए जाएंगे।
साफ-सफाई का विशेष ध्यान स्थानीय लोगों की सहभागिता से होगा। यह कवायद रंग लाई तो सुबाथू के बाजार फूलों से लबरेज होंगे और साफ-सुथरी व्यवस्था बाजार में खरीदारों को आकर्षित करेगी। इसकी शुरुआत वार्ड नंबर छह से होगी। तमाम छह वार्डों एवं गलियों में इस तरह की व्यवस्था होगी। उधर कुछ ऐसे ही जनून के साथ अपने वादों पर खरी उतरने की कोशिश में तनु जैन लगी हुई हैं।
वार्ड नंबर 6 में इस योजना के तहत हो रहे कार्यों को देखने के लिए वह बारिश में पहुंची। स्थानीय निवासी अमित कुमार, राजेश, भारतभूषण और संदीप गुप्ता ने इस मुहिम की प्रशंसा की है। उधर पार्षद शकुन चौहान ने सीईओ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड नंबर छह मॉडल वार्ड के रूप में विकसित हो रहा है।
यह कार्य हैं प्रगति पर
सुबाथू में शॉपिंग कांपलेक्स, हाईटेक लाइब्रेरी, अस्पताल में लैब सुविधाएं, स्टाफ के लिए फ्लैट, सुलभ शौचालय, बस स्टैंड का जीर्णोद्धार, युवाओं के लिए जिम सुविधा, स्वच्छता को देखते हुए प्रत्येक वार्ड में डंगे और टाइलें लगेंगी, सुरक्षा को देखते हुए सीसीटीवी कैम, एतिहासिक पार्क एवं ऐतिहासिक चौक बाजार का जीर्णोद्धार का कार्य प्रगति पर है। लोगों ने सीईओ के अलावा छावनी अध्यक्ष ब्रिगेडियर आरएस रावत का आभार जताया गया।
15 मार्च को होगी बैठक
वार्ड नंबर दो के पार्षद अनिल गुप्ता ने बताया कि 15 मार्च को सुबाथू में रहने वाले लोगों की समस्याओं पर छावनी परिषद में विशेष बैठक होगी। बैठक के दौरान लंबे अरसे से अटके लोगों के मकानों के इंतकाल, एनओसी, अवैध निर्माण को कंपाउंड करने के बारे में सभी वार्ड मेंबर सेना अधिकारी कर्नल सौरभ भारद्वाज, छावनी कनिष्ठ अभियंता अमरीश जौली के साथ मिलकर समाधान निकालेंगे।