नालागढ़ (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नालागढ़ की दो छात्राओं बेगम खातून और पल्लवी ने राज्य स्तरीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीते हैं। इस शानदार प्रदर्शन के बाद उनका चयन राष्ट्रीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता के लिए किया गया है। वे दिल्ली में होने वाली इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। भुंतर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने अंडर-14 छात्रा वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 31 अक्तूबर से 5 नवंबर तक दिल्ली में होगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने छात्राओं को बधाई दी। विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक अमृत पाल और डीपीई चरणजीत सिंह ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।