थाना स्कूल में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में करवाईं प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थाना में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दो अक्तूबर को अवकाश होने के कारण विद्यालय में कार्यक्रम एक दिन पूर्व आयोजित किया गया। भाषण, पोस्टर मेकिंग तथा स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं की छात्रा तमन्ना ने प्रथम तथा कक्षा 10वीं के अभिषेक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कक्षा 10वीं के तलविंदर तथा कक्षा 9वीं के अभिषेक ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, कक्षा 10वीं की कुसुम व कक्षा 8वीं की काजल द्वितीय स्थान पर रहीं।
स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं की आशिकी ने प्रथम तथा कक्षा 11वीं की दिपांशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य राम लाल ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों तथा सत्य व अहिंसा के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।