दून वैली स्कूल में कॅरिअर टॉक सत्र का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। दून वैली पब्लिक स्कूल नालागढ़ में विद्यार्थियों के भविष्य को सही दिशा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कॅरिअर टॉक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप करियर के विभिन्न क्षेत्रों से अवगत कराना और सही मार्गदर्शन प्रदान करना था। इस अवसर पर चितकारा यूनिवर्सिटी से संजीव दोसांझ, आईआईएलएम यूनिवर्सिटी से कृष्ण निगम एवं एमिटी यूनिवर्सिटी से सुमिता चहल ने विद्यार्थियों को अपने अनुभवों के माध्यम से भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराया। वक्ताओं ने फिनटेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे आधुनिक और तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इन क्षेत्रों में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को जरूरी स्किल कौशल, सही विषय के चयन और उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों की जानकारी सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से दी। कार्यक्रम में एक विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जहां विद्यार्थियों को आए हुए विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला। छात्रों ने अपने प्रश्न पूछे और वास्तविक जीवन से जुड़े उपयोगी अनुभव प्राप्त किए, जिससे यह सत्र अत्यंत रोचक और सार्थक बन गया।