सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल दाड़लाघाट स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल दाड़लाघाट में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें करीब 200 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य तंबाकू मुक्त विद्यालय, चिट्टा विरोधी अभियान और एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक स्वास्थ्य पर्यवेक्षक अर्की हिमेंद्र सलारिया ने किया। इसमें आशा कार्यकर्ताओं और स्थानीय छात्राओं ने भी सहयोग दिया। आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की मुक्ता रस्तोगी के निर्देश पर हुआविद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और बताया गया कि नशा शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन को प्रभावित करता है। उन्हें नशीले पदार्थों से दूर रहने और अनजान व्यक्तियों से किसी भी प्रकार की खाने-पीने की वस्तु स्वीकार न करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास और नैतिक मूल्यों पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने और तनाव से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान योग, प्राणायाम और एचपीवी टीकाकरण के प्रति भी जागरूक किया गया।