सोलन कॉलेज में नए विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन में कला संकाय के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम हुआ। प्राचार्या मनीषा कोहली ने नए विद्यार्थियों का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हुए हैं। उन्होंने छात्रों से इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का आह्वान किया। डॉ. दीपक गुप्ता ने नई शिक्षा नीति के तहत विषय चयन, क्रेडिट प्रणाली और शैक्षणिक ढांचे की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. रीना चौहान ने महाविद्यालय में संचालित विभिन्न सह-पाठ्यक्रम एवं अतिरिक्त गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को एनसीसी, एनएसएस, रोवर-रेंजर, विभिन्न क्लबों, खेलकूद तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
महिला सशक्तीकरण प्रकोष्ठ की सदस्य दीपिका शर्मा ने विद्यार्थियों को विशाखा दिशानिर्देशों की जानकारी दी। डॉ. आरती नेगी ने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 के बारे में जागरूक करते हुए विद्यार्थियों को लैंगिक संवेदनशीलता का संदेश दिया।
उपप्राचार्या निवेदिता पाठक ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसे इंडक्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराने के साथ-साथ उनके समग्र व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।