बीएल स्कूल कुनिहार में आयोजित एंटी चिट्टा अभियान के दौरान पोस्टर के माध्यम से चिट्टे के खिलाफ
बीएल सेंट्रल स्कूल कुनिहार में जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों ने ली नशामुक्ति की शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के तहत शुक्रवार को जागरूकता एवं काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में तहसील वेलफेयर अधिकारी अर्की राकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ गणपति एजुकेशनल सोसायटी कुनिहार के चेयरमैन डॉ. रोशन लाल शर्मा भी मौजूद रहे। विद्यालय प्रवक्ता ईशान भाटिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विद्यार्थियों को चिट्टा जैसे नशे के दुष्प्रभावों और समाज पर पड़ने वाले असर के बारे में लगातार जागरूक किया जा रहा है। मुख्य अतिथि राकेश कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्रशासन को देने की अपील की। डॉ. रोशन लाल शर्मा ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने युवाओं को आत्म-अनुशासन अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। साथ ही भाषण और लघु नाटिका के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और सामाजिक नुकसान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।