कंडाघाट कॉलेज के वाणिज्य एवं अर्थशास्त्र विभाग की ओर से सेबी पर आयोजित कार्यशाला के दौरान मौजूद
कंडाघाट कॉलेज में वित्तीय साक्षरता और निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/कंडाघाट। राजकीय महाविद्यालय कंडाघाट के वाणिज्य एवं अर्थशास्त्र विभाग की और से महाविद्यालय परिसर में एसवी वेल्थ पार्टनर्स और भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के सहयोग से वित्तीय साक्षरता और निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय नियोजन, निवेश के विभिन्न विकल्पों और सुरक्षित निवेश से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम की मुख्य संसाधन व्यक्ति स्मार्ट ट्रेनर ऋतु बाला रहीं, जिन्होंने वित्तीय साक्षरता, निवेश के मूल सिद्धांत, जोखिम प्रबंधन और निवेशकों के हितों की सुरक्षा में सेबी की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से सत्र को संवादात्मक बनाया, जिससे उनकी समझ और भी बेहतर हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के डॉ. विजय के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने प्राचार्य डॉ. मदन लाल मनकोटिया, अध्यापक वर्ग और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए वर्तमान समय में वित्तीय साक्षरता के महत्व को रेखांकित किया और इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सहयोगी संस्थाओं का आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. बवीता शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।