आयशर स्कूल परवाणू के छात्रों ने किया अग्निशमन केंद्र का किया भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। आयशर स्कूल परवाणू के नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के छात्रों ने शनिवार को परवाणू अग्निशमन केंद्र का एक शिक्षाप्रद और रोमांचक दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य बच्चों को आग बुझाने वाले कर्मियों के काम और आग से बचाव के तरीकों से परिचित कराना था। यह भ्रमण बच्चों के लिए एक यादगार अनुभव रहा। उन्होंने बड़ी-बड़ी लाल दमकल गाड़ियों को करीब से देखा, जो हमेशा आपात स्थिति के लिए तैयार रहती हैं। अग्निशमन अधिकारियों ने बच्चों को विभिन्न औजारों जैसे पाइप, सीढ़ी और सुरक्षा उपकरणों जैसे हेलमेट और जैकेट के बारे में जानकारी दी। भ्रमण का मुख्य आकर्षण अग्निशमन यंत्रों के बारे में जानकारी हासिल करना और यह समझना था कि आग बुझाने में वे कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों ने बहादुर अग्निशमन कर्मियों से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें अपने काम और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों के सभी सवालों के जवाब भी दिए। स्कूल के प्रधानाचार्य दीपक सिंगी ने इस शैक्षिक भ्रमण को बहुत उपयोगी बताया।