दून विधानसभा क्षेत्र के गोयला स्कूल में आयोजित एंटी-चिट्टा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मौजूद व
दून विधानसभा के गोयला स्कूल में चिट्टा-विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोयला में चिट्टा-विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। विद्यालय परिसर में एक गोपनीय सूचना पेटी भी स्थापित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप सिंह ने की। उन्होंने कहा कि चिट्टा जैसी घातक सिंथेटिक नशीले पदार्थ युवा पीढ़ी के भविष्य को खोखला कर रहे हैं। कुलदीप सिंह ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। कहा कि छात्रों को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि किसी को अपने आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या सेवन संबंधी गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो वह बिना अपनी पहचान उजागर किए इस पेटी में सूचना डाल सकता है। उन्होंने जोर दिया कि यह पहल नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद करेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को जीवनभर नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ दिलाई गई। यह गोपनीय पेटी विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ आवाज उठाने का मंच देगी। छात्र अपनी पहचान उजागर किए बिना नशीले पदार्थों से संबंधित जानकारी साझा कर सकेंगे। यह पहल नशे के नेटवर्क को तोड़ने में सहायक होगी। इसका लक्ष्य युवाओं को नशे के चंगुल से बचाना है। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय धीमान ने खंड विकास अधिकारी और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।