बोहली स्कूल में मनाया वार्षिक समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। उपमंडल सोलन की ग्राम पंचायत बोहली के शहीद सिकंदर सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोहली में वीरवार को वार्षिक समारोह मनाया गया। समारोह में मुख्यातिथि डीएसपी परवाणू प्रणव चौहान रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रोजेक्ट प्रबंधक हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, वोडाफोन आइडिया लिमिटेड राजीव ठाकुर उपस्थित रहे। स्कूल प्रधानाचार्य मंजुला शर्मा ने सभी का स्वागत किया व वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी।
समारोह में बच्चों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान डीएसपी प्रणव चौहान ने बच्चों सहित नाटी भी डाली। मुख्यतिथि डीएसपी प्रणव चौहान ने आजकल के युग में बढ़ रही टेक्नोलॉजी व उसके फायदे, नुकसान के बारे में भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को हर चीज में भाग लेना चाहिए। चाहे खेल गतिविधियां हो या अन्य खेल। हर चीज में बच्चों को बढ़ चढ़ कर आगे आना चाहिए। इससे उनका मनोबल बढ़ता है। राजीव ठाकुर ने स्कूल में मेरिट में आए छात्रों को 21000 रुपये देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर शहीद सिकंदर सिंह की माता निर्मला ठाकुर, बीडीसी अध्यक्ष भीम सिंह, ग्राम पंचायत बोहली प्रधान राकेश कुमार, उप प्रधान अन्हेच संदीप वर्मा, एसएमसी अध्यक्ष मेहर सिंह, एसएमसी सलाहकार स्नेह लता समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।