सोलन कॉलेज में विद्यार्थी सतर्कता की शपथ लेते हुए। स्रोत: कॉलेज प्रबंधन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन में सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी विषय पर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली ने समस्त स्टाफ, विद्यार्थियों, एनसीसी, एनएसएस एवं रोवर-रेंजर क्लब के सदस्यों व अन्य विद्यार्थियों को ईमानदारी, पारदर्शिता एवं कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने की शपथ दिलवाई। अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. कोहली ने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल एक मूल्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मूल आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के प्रति सजग रहकर समाज में सकारात्मक योगदान दें। कार्यक्रम के दौरान छात्रा पारुल और निहारिका एवं अन्य विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सतर्क एवं जिम्मेदार नागरिक बनने पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूक युवा ही श्रेष्ठ एवं सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एनआर कश्यप ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।