गाईघाट स्कूल में आयोजित जल पखवाड़े के समापन अवसर पर मौजूद स्कूल के शिक्षकगण व विद्यार्थी। स्र
प्रधानाचार्य ने बच्चों को दिए पानी बचाने के टिप्स
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गाईघाट में जल संरक्षण पखवाड़े के उपलक्ष्य में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पखवाड़े का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को जल की हर बूंद की महत्ता समझाना है, जो आगामी 30 अप्रैल तक जारी रहेगा। प्रार्थना सभा के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में 12वीं कक्षा की छात्रा पुष्पा ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। छात्रा पुष्पा ने अपने भाषण के माध्यम से उपस्थित सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को जल जीवन मिशन और पर्यावरण संरक्षण पर जागरूक किया। इस अवसर पर शिक्षकों और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। साथ ही युवाओं को इस अभियान को एक जन-आंदोलन बनाने के लिए प्रेरित किया। स्कूल की प्रधानाचार्य सीमा गुप्ता ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जल हमारे जीवन की प्राथमिक आवश्यकता है और इसके बिना अस्तित्व की कल्पना करना मुश्किल है। उन्होंने विशेष रूप से गर्मियों के मौसम में पानी की बर्बादी रोकने पर जोर दिया। बढ़ती तपिश को देखते हुए प्रधानाचार्य ने बच्चों को घर से स्कूल आते समय अपनी पानी की बोतलें साथ लाएं। स्वच्छ पेयजल के महत्व को समझें और दूसरों को भी जागरूक करें। स्कूल और घर, दोनों स्थानों पर पानी की बचत का संकल्प लें।