इटरनल यूनिवर्सिटी राजगढ़ (सिरमौर) की छात्राएं बद्दी शैक्षणिक भ्रमण के दौरान- स्रोत- विवि
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। सिरमौर जिले के बडू साहिब स्थित इटरनल यूनिवर्सिटी के वाणिज्य एवं मैनेजमेंट विभाग के विद्यार्थियों ने प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बद्दी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस एक दिवसीय भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों के कामकाज, उत्पादन प्रक्रियाओं और मैनेजमेंट के व्यावहारिक गुर सिखाना था। इस शैक्षणिक भ्रमण में यूनिवर्सिटी के 41 विद्यार्थी और पांच शिक्षक शामिल रहे। यह दौरा हिमालया जनकल्याण समिति और लघु उद्योग संघ हिमाचल के सहयोग से आयोजित किया गया था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बद्दी के दो प्रमुख उद्योगों – क्योरटैक फार्मा ग्रुप और बिरला टेक्सटाइल मिल्स का दौरा करवाया गया। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रक्रियाओं, उत्पादन तकनीकों और गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली की प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। विवि के शिक्षक डॉ. देसराज और डॉ. पवन कुमार ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक और व्यावहारिक भ्रमण विद्यार्थियों के प्रत्यक्ष ज्ञान को बढ़ाते हैं और उन्हें उद्योग जगत से सीधा संवाद स्थापित करने का मौका देते हैं। हिमालया एनजीओ के संचालक डॉ. आर ठाकुर, उप संचालक डॉ. किशोर ठाकुर और कार्यालय प्रभारी डिंपल परमार ने इस दौरे को सफल बनाने के लिए उद्योगों का आभार जताया।