घरों में बेकार पड़ी चीजों से बनाए गए गमले
सोलन काॅलेज में मनाया पर्यावरण संरक्षण पखवाड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन के इको क्लब द्वारा छात्रों में पर्यावरण के संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए 22 मई से 5 जून 2024 तक पर्यावरण संरक्षण पखवाड़े का आयोजन किया गया। शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉक्टर रीटा शर्मा ने किया। कार्यक्रम में लगभग 80 विद्यार्थियों ने भाग लिया। पखवाड़े में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया जिसमें प्रमुख रूप से जैविक खाद निर्माण और छात्रों द्वारा निर्मित क्यारियों में पौधारोपण के लिए रासायनिक खाद की जगह उसका उपयोग, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता के तहत घरों में बेकार पड़ी चीजों से गमले निर्माण व उनमें पौधारोपण, क्यारियों में सदाबहार पौधारोपण, जैविक खाद तैयार करने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को जंगलों में लग रही आग के कारण, प्रभाव और रोकथाम के प्रति भी जागरूक किया गया।
गमला निर्माण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्राचार्य ने पारितोषिक देकर सम्मानित किया और इस पखवाड़े के सफल बनाने एवं छात्रों के उचित मार्गदर्शन के लिए इको क्लब की संयोजक प्रो. निवेदिता पाठक, डॉ. एनआर कश्यप, डॉ. पीपी नेगी, डॉ. मंजू ठाकुर, डॉ. तनवी कपूर की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन का आग्रह किया।