नशा मुक्ति कार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग गतिविधि में भाग लेते विद्यार्थी एवं उपस्थित शिक्षकग
कराड़ाघाट स्कूल में किया गया नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। राजकीय उच्च विद्यालय कराड़ाघाट में नशामुक्ति एवं चिट्टा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर पोस्टर मेकिंग गतिविधि में भाग लिया और नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए। मुख्य वक्ता के रूप में काउंसलर डॉ. विजय कुमार शांडिल ने विद्यार्थियों को चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. शांडिल ने बताया कि नशा न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि मानसिक स्थिति पर भी गहरा प्रभाव डालता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य हरीश गुप्ता ने की, जिन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। इस जागरूकता कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ता कौशल्या देवी और हेमलता शर्मा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित व्यक्तियों ने नशामुक्ति की शपथ ली और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शिक्षक देवेंद्र शर्मा, शीश राम, राजेश शर्मा, मुनीक विष्ट, हिमेश शर्मा, कल्पना ठाकुर और रक्षा कुमारी भी उपस्थित रहे।