20 किमी दूर आने जाने में होती हैं दिक्कतें, खर्चा भी अधिक होता है
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के पहाड़ी क्षेत्र के गांव मित्तियां स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में छात्र-छात्राएं वाणिज्य विषय की पढ़ाई से वंचित हैं। वर्ष 2004 में जब इस विद्यालय को स्तरोन्नत करके माध्यमिक का दर्जा मिला था, उस समय यहां विज्ञान, वाणिज्य एवं कला तीनों संकायों की कक्षाएं शुरू हुई थीं। इसका मित्तियां एवं आसपास की चार पंचायतों के बच्चों को लाभ मिल रहा था।
वाणिज्य विषय की कक्षाएं दो-तीन वर्ष तक तो चलती रहीं। इसके बाद इनसे संबंधित अध्यापक दूसरी जगह स्थानांतरित हुए तो सरकार ने उनकी जगह नया स्टाफ नहीं भेजा। अब 19 साल जाने के बाद भी विभाग ने स्कूल की कोई सुध नहीं ली जिसके कारण इस क्षेत्र के बच्चों को वाणिज्य विषय की पढ़ाई के लिए नालागढ़ जाना पड़ता है जो कि 20 किलोमीटर दूर है। जहां आने जाने में जहां खर्चा होता है, वहीं दिक्कतें भी आती हैं। पहले रामशहर में वाणिज्य की पढ़ाई की सुविधा थी, मगर अब तो वहां भी वाणिज्य की पढ़ाई नहीं हो रही।
पीटीए के प्रधान जीत सिंह ने बताया कि इस विषय में कई बार अधिकारियों को बताया जा चुका है, लेकिन अभी तक इस पर कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। पंचायत प्रधान गुरदास चंदेल, पूर्व प्रधान सुनीता देवी, नानक चंद चंदेल, बधाऊ राम शास्त्री, मंदिर कमेटी के प्रधान दुर्गादास ने सरकार से मांग की है कि इस विद्यालय में वाणिज्य संकाय की कक्षाएं फिर से शुरू की जाएं, जिससे बच्चों को उनकी रूचि के अनुसार पढ़ाई करने की सुविधा मिले। बीबीएन में वाणिज्य की पढ़ाई करने वालों के लिए उद्योगों में कई पद निकलते हैं लेकिन यहां पर यह विषय न होने से छात्र इससे वंचित रह रहे हैं।
उधर, स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश कुमार कटवाल ने बताया कि वर्तमान समय में स्कूल में वाणिज्य प्राध्यापकों का कोई पद स्वीकृत ही नहीं हैं। अब सरकार ने स्कूल में वाणिज्य विषय को बंद कर दिया है। विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए नालागढ़ जाना पड़ रहा है, जो 20 किलोमीटर दूर है।