20 पशुओं को नालागढ़ भेजा, 15 अभी एनएच पर घूम रहे
पशुओं को रेस्क्यू कर नजदीक की गोशाला भेजने का काम तेज
पशुपालन विभाग और एनएचएआई कर रहे काम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नेशनल हाईवे पर बेसहारा पशुओं के कारण बढ़ रहे हादसों को रोकने के लिए पशुपालन विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने संयुक्त अभियान शुरू किया है। जिला उपायुक्त के सख्त निर्देशों के बाद हाईवे पर घूम रहे पशुओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित नजदीकी गोसदनों और गोशालाओं में पहुंचाया जा रहा है।
अब तक अभियान के तहत 20 पशुओं को नालागढ़ स्थित गोशाला में भेजा जा चुका है, जबकि करीब 15 पशु अभी भी हाईवे पर घूम रहे हैं। इन्हें भी जल्द रेस्क्यू करने की तैयारी है। धर्मपुर के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण करकरा के अनुसार पशुपालन विभाग सोलन के उपनिदेशक डॉ. विवेक लांबा ने बताया कि हाईवे पर मौजूद अधिकतर बेसहारा पशुओं को रेस्क्यू कर लिया है। शेष पशुओं को भी जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा। अभियान में एनएचएआई की ओर से भी पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
धर्मपुर हादसे के बाद मुहिम तेज
हाईवे पर बेसहारा पशुओं का घूमना चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। हाल ही में धर्मपुर के पास हुए हादसे में स्थानीय कारोबारी की मौत हो गई थी, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ था। हादसे के बाद प्रशासन और विभागों ने हाईवे को बेसहारा पशुओं से मुक्त करने के लिए अभियान तेज कर दिया है। विभाग का लक्ष्य हाईवे पर घूम रहे सभी बेसहारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर वाहन चालकों के लिए सड़क को सुरक्षित बनाना है।