पेंशनर एवं सीनियर सिटीजन संघ की मासिक बैठक में जताई चिंता
ध्वनि, वायु व जल प्रदूषण से लोगों का जीवन हुआ कठिन
फोरलेन का कार्य शुरू न होने से हो रही हैं लगातार दुर्घटनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। पेंशनर एवं सीनियर सिटीजन संघ की मासिक बैठक में पलासड़ा में हुई। इस अवसर पर दवा फैक्टरी की ओर से फैलाए जा रहे प्रदूषण पर रोष जताया गया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कंपनी की ओर से वायु, ध्वनि और जल प्रदूषण फैलाया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है।
संघ के प्रधान नरेश घई की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वप्रथम प्रो. रणजोध सिंह की माता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सरकार से मांग की गई कि प्रदूषण पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। पेंशनर संघ ने प्रदेश सरकार द्वारा पेश बजट में पेंशनरों के बकाया एरियर को लेकर कोई घोषणा न किए जाने पर भी रोष व्यक्त किया।
बैठक में बद्दी-नालागढ़ फोरलेन का टेंडर बार-बार रद्द होने पर भी चिंता जताई गई। सदस्यों ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो रहा है। उन्होंने सरकार से फोरलेन निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने की मांग की। संघ ने ये भी आरोप लगाया कि सरकार द्वारा घोषणा के बावजूद पेंशनरों के मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में पेंशनरों के बकाया एरियर का एकमुश्त भुगतान करने और महंगाई भत्ता जल्द जारी करने की भी मांग उठाई गई।
इस दौरान महासचिव कैलाश राणा, यशपाल रनोट, अदित कंसल, प्रो. रणजोध सिंह, भजू राम, बंता राम, सुशील कुमार, तीर्थ राम शर्मा, हेमराज भंडारी, राम नरेश गुप्ता, बक्शी राम, सोहन लाल चंदेल, मास्टर प्रेम जी, हरदित सिंह, चंद्रमणी, किरण बाला, ठाकुर सिंह, प्रेम चंद, ईश्वर सिंह सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।