परवाणू से सोलन के बीच बारिश में भूस्खलन का खतरा
कंपनी की टीम ने पत्थरों को हटाकर यातायात रखा सुचारु
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर पट्टामोड़ के समीप लगातार पहाड़ी से पत्थर और मलबा सड़क पर आ रहा है। इस कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। बुधवार सुबह ही पहाड़ी से पत्थर आने के चलते लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम लग जाने से बसों का समय भी फेल हुआ। हालांकि मौके पर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती रही, जिन्होंने एक समय में एक तरफ से वाहनों की क्रॉसिंग करवाई। लेकिन समय पर लोग अपने गंतव्य स्थानों पर नहीं पहुंच सके।
वहीं, पट्टामोड़ में जिस जगह पहाड़ी से पत्थर और मलबा सड़क पर आ रहा है वहां पहले भी भूस्खलन हुआ है। मलबे का ढेर भी अभी तक नहीं लगाया हुआ है। दूसरी ओर फ्लाईओवर का कार्य भी चला हुआ है। इससे यहां पर 100 मीटर के क्षेत्र में यातायात सुचारु नहीं चल पा रहा है।
गौर रहे कि बारिशों में हाईवे पर चलना किसी खतरे से कम नहीं है। बीते दिनों हुई बारिशों में भी कई जगह पत्थर और मलबा गिरा था। बुधवार को सुबह भी हल्की बारिश के बीच पट्टामोड़ में भी मलबा आ गया। हालांकि फोरलेन निर्माण कंपनी की टीम और मशीनरी मौके पर रही। हाईवे पर अधिकतर खतरा दत्यार, तंबूमोड़, चक्कीमोड़, सनवारा, धर्मपुर, पट्टामोड़, दोहरी दीवार, चंबाघाट से कंडाघाट के बीच है। गनीमत यह है कि शनिवार देर रात से लगी बारिश से हाईवे पर किसी भी प्रकार के जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
कालका-शिमला एनएच पर पट्टामोड़ के समीप पहाड़ी से मलबा आने से सड़क पर लगा जाम।