सोलन कॉलेज में चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान में छात्रों ने ली शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल प्रदेश सरकार के चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत सोमवार को राजकीय महाविद्यालय सोलन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को चिट्टा सहित अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त, अनुशासित और लक्ष्यपूर्ण जीवन अपनाने का संदेश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थी जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य शिक्षा प्राप्त करना है। युवा लगन और मेहनत से अध्ययन कर जीवन में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि चिट्टा जैसे सिंथेटिक नशे समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। यह ऐसा जहरीला जाल है, जो व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज को बर्बाद कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। साथ ही घर जाकर अपने माता-पिता से इस विषय पर चर्चा करने और नशा विरोधी अभियान के संदेशवाहक बनने की अपील की।
नशा तस्करों पर हो रही सख्त कार्रवाई
उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार चिट्टा सहित अन्य सिंथेटिक नशों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। नशा तस्करों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने महत्वपूर्ण सूचना देने वाले नागरिकों के लिए पुरस्कार योजना भी शुरू की है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि नशे के कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि प्रदेश को नशामुक्त बनाने का अभियान और अधिक प्रभावी बन सके।
विद्यार्थियों और शिक्षकों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम में उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय सोलन की प्राचार्या मनीषा कोहली, महाविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।