संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला राजपुरा के दस छात्रों का राष्ट्रीय कबड्डी टूर्नामेंट के लिए चयन हुआ है। यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है कि एक ही स्कूल से इतने अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर जगह मिली है। ये सभी प्रतिभागी हिमाचल प्रदेश की अंडर-14 और अंडर-17 कबड्डी टीम का हिस्सा बनेंगे। इस उपलब्धि का मुख्य श्रेय विद्यालय के प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा नरेंद्र पाल सिंह को जाता है। खेल प्रेमियों और स्थानीय ग्रामीणों ने नरेंद्र पाल सिंह के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल, फिटनेस और अनुशासन पर कड़ी मेहनत की है। उनके निरंतर मार्गदर्शन के कारण ही राजपुरा स्कूल के छात्रों ने राज्य स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह पक्की की है। प्रधानाचार्य, स्कूल प्रबंधन समिति और स्कूल प्रबंधन अध्यक्ष बलजीत सिंह ने चयनित छात्रों को बधाई दी। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य और समस्त स्टाफ ने भी नरेंद्र पाल सिंह को शुभकामनाएं दीं।