लोक निर्माण विभाग ने स्पीड ब्रेकर लगाने का कार्य किया शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर की सड़कों पर अब वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगेगा। पैदल चलने वालों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर और रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। विभाग ने शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है। शनिवार को मालरोड, सेंट ल्यूक्स स्कूल के समीप, ओल्ड बस स्टैंड के पास, छात्रा स्कूल सोलन के समीप स्पीड ब्रेकर लगा दिए गए हैं। सड़क पार करने वाले राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग जिला अदालत के समीप, कोटलानाला तहसील कार्यालय के पास, अस्पताल के समीप सहित अन्य क्षेत्रों में भी स्पीड ब्रेकर लगाएगा।
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुरेंद्र ने बताया कि शहर में बढ़ती दुर्घटनाओं और तेज रफ्तारी की शिकायतों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि स्पीड ब्रेकर लगने के बाद विशेषकर स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को सड़क पार करने में आसानी होगी।
इनसेट
लापरवाह चालकों पर कसेगा शिकंजा
बता दें कि जिला प्रशासन ने मालरोड पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 30 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की है। इसके बावजूद कई वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर यहां 60 से 80 किलोमीटर की रफ्तार पर गाड़ियां दौड़ाते हैं, जिससे हर समय हादसे का डर बना रहता है। अब सड़कों पर नए और चौड़े स्पीड ब्रेकर लगने से ऐसे लापरवाह चालकों की रफ्तार अपने आप कम हो जाएगी।