सोलन विधानसभा क्षेत्र के कनाह स्कूल में पृथ्वी दिवस के अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोतगता के दौरा
पृथ्वी दिवस पर कनाह स्कूल में विद्यार्थियों ने भाषण से दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय उच्च विद्यालय कनाह में पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य पर अंतर-सदन भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी के महत्व पर अपने विचार साझा किए। भाषण प्रतियोगिता को दो वर्गों में जूनियर और सीनियर में विभाजित किया गया था। इसमें आकाश सदन की आरुषि ने पहला स्थान प्राप्त किया। नीर सदन की सृष्टि ने दूसरा स्थान, पृथ्वी सदन की नरगिस ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में नीर सदन की हिमानी पहले, आकाश सदन की सोनाक्षी दूसरे और पृथ्वी सदन की तृषा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। स्कूल की मुख्य अध्यापिका रेणु सूद ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए संबोधित किया। उन्होंने कहा पृथ्वी ही ब्रह्मांड में एकमात्र ऐसा ज्ञात ग्रह है जहां जीवन संभव है। यह हमारा नैतिक दायित्व है कि हम अपनी धरती को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखें। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे दैनिक जीवन में प्लास्टिक का त्याग करें और प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाने के लिए निरंतर प्रयास करें। इस अवसर पर स्कूल का समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।