गुम्मा-टकसाल स्टेशन के समीप भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ रेलवे ब्रिज
सैलानियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए रेलवे बोर्ड ने लिया निर्णय
पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर बोर्ड की दूसरी विशेष ट्रेन चलाने की भी तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/धर्मपुर। कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर सफर करने वाले पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है। गुम्मा और टकसाल रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ब्रिज क्षतिग्रस्त होने के कारण प्रभावित हुई रेल सेवा के बीच रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की सुविधा के लिए फैसला लिया है। अब कालका से धर्मपुर रेलवे स्टेशन तक पर्यटकों को विशेष बस सेवा मुहैया कराई जाएगी। इसके बाद धर्मपुर से पर्यटक ट्रेन में बैठकर शिमला तक की हसीन वादियों का आनंद ले सकेंगे।
जानकारी के अनुसार, भारी बारिश और भूस्खलन के कारण गुम्मा-टकसाल के पास ब्रिज क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते इस खंड पर ट्रेन की आवाजाही बंद करनी पड़ी थी। पर्यटकों की सुविधा और पर्यटन कारोबार को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की है। रेलवे बोर्ड के अनुसार, यदि धर्मपुर पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा होता है तो यात्रियों की मांग के आधार पर दूसरी स्पेशल ट्रेन चलाने की भी पूरी तैयारी की गई है।
उधर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, रेल मंडल अंबाला, यशनजीत सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कालका से धर्मपुर के बीच विशेष बस सेवा शुरू की जा रही है, ताकि पर्यटक बिना किसी परेशानी के धर्मपुर पहुंचकर वहां से शिमला के लिए ट्रेन पकड़ सकें। पर्यटकों की संख्या के आधार पर एक और ट्रेन चलाने पर भी विचार किया जा रहा है।
इनसेट
ऐसे मिलेगी बस सुविधा
ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम ने दो बस सेवाओं में अस्थायी बदलाव किया है।एचआरटीसी शिमला डिवीजन की ओर से जारी कार्यालय आदेश के मुताबिक, कालका-धर्मपुर के बीच रेलवे ट्रैक को नुकसान हुआ है। इसके तहत रामपुर यूनिट की कालका-साराहन बस सेवा सुबह 6:15 बजे कालका बस स्टैंड के बजाय कालका रेलवे स्टेशन से शुरू होगी। इसी तरह, परवाणू यूनिट की परवाणू-कसौली-धर्मपुर बस सेवा रात 9:45 बजे धर्मपुर रेलवे स्टेशन के यात्रियों को कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाने के लिए संचालित की जाएगी।
इससे रेल यात्रियों को ट्रेन और बस के बीच आवागमन में सुविधा मिलेगी। एचआरटीसी ने रामपुर और परवाणू यूनिट को आदेश की अनुपालना सुनिश्चित करने तथा इस ट्रायल का परिणाम शिमला कार्यालय को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं।