सोलन। जिले में चिट्टे के मामले में गिरफ्तार आरोपियों में सबसे अधिक युवा और विद्यार्थी हैं। इनमें 21 से 30 वर्ष के आरोपी चिट्टा सेवन और बेचने के मामलों में शामिल हैं। नशे की गिरफ्त में इसी आयु वर्ग के युवा फंस रहे हैं। पुलिस ने अभी तक चिट्टे के कुल 96 मामले दर्ज किए हैं जिनमें 110 की गिरफ्तारी हुई है।
इनमें 21 से 25 आयु वर्ग के सबसे अधिक युवा शामिल हैं जबकि अन्य 25 से 30 वर्ष के हैं। आरोपियों में हिमाचल सहित अन्य राज्यों और विदेशी मूल के युवक भी शामिल हैं। जिला भर में अभी तक पुलिस के खुलासे के अनुसार, चिट्टे का नशा करने वाले में सबसे अधिक युवा वर्ग है।
इसकी पुलिस जांच कर रही है। नशे में फंसे युवाओं की जानकारी मिलने के बाद उनके अभिभावकों को सूचित किया जा रहा है। कुछ महीने पहले सोलन के एक शिक्षण संस्थान में भी एक साथ करीब 50 से अधिक विद्यार्थियों की सूचना नशे का सेवन करने पर लगी थी। इसके बाद पुलिस ने उक्त छात्रों से मिलकर उनके अभिभावकों को इसकी जानकारी दी थी। करीब दो छात्राओं के पास पुलिस ने चिट्टा भी बरामद किया था।
जानकारी के अनुसार शहर सहित अन्य कंडाघाट, चायल, वाकनाघाट, धर्मपुर, कुनिहार, अर्की, ओच्छघाट, परवाणू सहित अन्य क्षेत्र के युवा नशा कारोबार और इसके सेवन में शामिल हैं। यहां हर रोज नशीले पदार्थों के साथ कोई न कोई व्यक्ति गिरफ्तार हो रहा है। विशेष तौर पर सोलन जिले में चिट्टे का प्रचलन काफी अधिक बढ़ गया है।
नशे के सेवन और कारोबार में ज्यादातर युवा
एएसपी सोलन डॉ. शिव कुमार ने बताया कि नशे अभी तक पकड़े गए चिट्टे के मामलों में सबसे अधिक युवा इसके सेवन और कारोबार में शामिल पाया गया है। इसमें हिमाचल और विदेशी युवा भी शामिल हैं। पुलिस ने पकड़े आरोपियों में अधिक युवा 21 से 25 और अन्य 30 वर्ष आयु वर्ग के शामिल हैं। इन्हें पुलिस ने चिट्टे के संबंध में गिरफ्तार किया है।