सोलन। दिवाली को लेकर पुलिस प्रशासन ने सभी सुरक्षा इंतजाम पुख्ता कर लिए हैं। कालका-शिमला एनएच सहित शहर में पांच गाड़ियों सहित छह बाइकों के साथ पेट्रोलिंग की जा रही है जबकि एनएच सहित अन्य क्षेत्रों के थाना, चौकियों की गाड़ियों से पेट्रोलिंग कर गश्त की जा रही है। इनका कार्य एनएच पर जाम सहित अन्य हुड़दंगियों पर नजर रखना रहेगा। सीसीटीवी सहित ड्रोन से पुलिस शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी कर रही है। एसपी सोलन अभिषेक यादव ने सुरक्षा के संबंध में बातचीत के दौरान किया है।
जानकारी के अनुसार त्योहारी सीजन में कालका-शिमला एनएच पर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। इन दिनों परवाणू से शालाघाट तक फोरलेन का कार्य किया जा रहा है। इस कारण कई दफा एनएच पर जाम की समस्या भी बन जाती है। इस समस्या से निपटने और सुरक्षा के तहत परवाणू से कुमारहट्टी, कुमारहट्टी से बड़ोग वाया बाईपास, चंबाघाट से सलोगड़ा, मनासर-शालाघाट, कसौली रोड पर गश्त को बढ़ा दिया गया है। इन क्षेत्रों में पुलिस की अतिरिक्त तीन सहित संबंधित थाना-चौकी की गाड़ियों से भी पेट्रोलिंग की जाएगी।
सादे कपड़ों में जवान तैनात
बाजार में भीड़ के दौरान जेबकतरों और हुड़दंगियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। शहर के मुख्य बाजारों में ज्वेलरी, कपड़े, मनियारी की दुकानों में अधिक भीड़ है। सीसीटीवी सहित तैनात पुलिस कर्मी सभी गतिविधियों पर नजर लगाए हुए हैं।
सुरक्षा के सभी इंतजाम पुख्ता
एसपी सोलन अभिषेक यादव ने बताया कि त्योहारी सीजन को लेकर सुरक्षा के लिए गश्त को दोगुना कर दिया है। गाड़ियों, बाइकों के साथ एनएच और शहर में पेट्रोलिंग की जा रही है। हुड़दंगियों पर सीसीटीवी और ड्रोन से नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सामाजिक दूरी का पालन करें और मास्क पहनकर ही बाजार आएं।