शहर के 17 में से सात वार्ड अनारक्षित, दो वार्ड अनुसूचित जाति के लिए किए आरक्षित
चुनाव लड़ने की फिराक में बैठे कई चाहवानों की उम्मीदों पर फिरा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नगर निगम सोलन का रोस्टर आखिरकार वीरवार को जारी कर दिया गया। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने रोस्टर जारी किया। इसमें शहर के 17 में से कुल आठ वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं, जिसमें एक वार्ड अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित हैं। जबकि दो वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। सात वार्ड इस बार ओपन रखे गए हैं। लंबी जद्दोजहद के बाद यह रोस्टर जारी हुआ है। राज्य चुनाव आयोग ने 30 अप्रैल को नगर निकायों का रोस्टर जारी करने के आदेश उपायुक्तों को दिए थे। 31 मार्च को उपायुक्त ने नगर परिषदों व नगर पंचायतों का रोस्टर तो जारी कर दिया था, लेकिन बावजूद नगर निगम सोलन का रोस्टर लटक गया था, जिस पर भाजपा ने सवाल खड़े कर दिए थे और रोस्टर में बदलाव करने के आरोप लगाए थे, इसी बीच वीरवार को उपायुक्त ने रोस्टर जारी कर दिया है। इसमें कुछ वार्डों में अब चुनाव लड़ने की फिराक में बैठे चाह्वानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है क्योंकि उनके वार्डों को या तो महिला के लिए रिजर्व कर दिया गया है या फिर आरक्षित रखा गया है।
इनसेट
यह होगा रोस्टर
वार्ड-1 देहूंघाट सपरून-महिला, वार्ड-2 रेलवे स्टेशन-अनारक्षित, वार्ड-3 कथेड़-अनारक्षित, वार्ड-4 चंबाघाट सलोगड़ा-अनारक्षित, वार्ड-5 लोअर बाजार-महिला, वार्ड-6 जवाहर पार्क-महिला, वार्ड-7 ठोडो ग्राउंड-अनारक्षित, वार्ड-8 शिल्ली रोड-अनुसूचित जाति, वार्ड-9 मधुवन कॉलोनी-महिला, वार्ड-10 चौरी घाटी-अनारक्षित, वार्ड-11 डिग्री कॉलेज-महिला, वार्ड-12 सन्नी साइड-अनारक्षित, वार्ड-13 क्लीन-अनुसूचित जाति, वार्ड-14 हाउसिंग बोर्ड-महिला, वार्ड-15 तहसील पटरार-अनारक्षित, वार्ड-16 रबौण आंजी-अनुसूचित जाति महिला, वार्ड-17 बसाल-पत्ति-कथेड़-महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
इनसेट
इससे पहले ये था निगम का रोस्टर
सोलन नगर बनने के बाद अब दूसरी बार चुनाव होंगे। पहली बार के रोस्टर के अनुसार वार्ड-1 देहूंघाट सपरून-अनारक्षित, वार्ड-2 रेलवे स्टेशन-महिला, वार्ड-3 कथेड़-महिला, वार्ड-4 चंबाघाट सलोगड़ा-महिला, वार्ड-5 लोअर बाजार-अनारक्षित, वार्ड-6 जवाहर पार्क-महिला, वार्ड-7 ठोडो ग्राउंड-अनुसूचित जाति महिला, वार्ड-8 शिल्ली रोड-अनारक्षित, वार्ड-9 मधुवन कॉलोनी-अनारक्षित, वार्ड-10 चौरी घाटी-महिला, वार्ड-11 डिग्री कॉलेज-अनारक्षित, वार्ड-12 सन्नी साइड-महिला, वार्ड-13 क्लीन-अनुसूचित जाति महिला, वार्ड-14 हाउसिंग बोर्ड-अनारक्षित, वार्ड-15 तहसील पटरार-महिला, वार्ड-16 रबौण आंजी-अनुसूचित जाति महिला, वार्ड-17 बसाल-पत्ति-कथेड़ को अनारक्षित किया गया था।
इनसेट
इन वार्डों में उठ रहे सवाल
हालांकि रोस्टर में देरी को लेकर भाजपा समेत शहरवासी सवाल उठा रहे थे। मगर अब रोस्टर जारी होने के बाद कुछ वार्डों के लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। इसमें लोगों का कहना है कि वार्ड-6 जवाहर पार्क को फिर से महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है। लगातार चार बार हो चुकी है इस वार्ड को महिला के लिए ही आरक्षित किया जा रहा है। दो बार नगर परिषद में लगातार और अब दूसरी बार नगर निगम में इसे महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है, जबकि इस बार यह वार्ड ओपन होना चाहिए था। वहीं वार्ड नंबर-16 रबौण आंजी को इस बार भी अनुसूचित जाति महिला के लिए ही आरक्षित कर दिया है।
इनसेट
चहेतों को दिया जा रहा फायदा
भाजपा पहले ही बोल रही थी कि रोस्टर में देरी का मतलब है कि इसमें कुछ चहेतों को फायदा पहुंचाया जाना था। हालांकि अगर कांग्रेस अपने पिछले चुनाव में किए वादों को पूरा करती और घोषणापत्र के अनुसार शहर में कार्य करती तो रोस्टर में देरी नहीं होनी थी। चुनाव आयोग की तय गाइड लाइन के अनुसार ही रोस्टर जारी हो जाना था।
शैलेंद्र गुप्ता भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष, पार्षद नगर निगम