सोलन कॉलेज और द इंडियन मुनीम एकेडमी के बीच एमओयू
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन ने बुधवार को द इंडियन मुनीम अकादमी (टीआईएमए) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह सहयोग विद्यार्थियों में तकनीक आधारित स्टार्टअप, शोध, नवाचार और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया है।
एमओयू के तहत दोनों संस्थान प्रौद्योगिकी आधारित स्टार्टअप्स के लिए तकनीकी सहायता देंगे। राजकीय महाविद्यालय सोलन के छात्र टीआईएमए की उन्नत तकनीकी प्रयोगशालाओं का उपयोग कर सकेंगे और अपने प्रोटोटाइप अनुसंधान एवं विकास के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को टीआईएमए द्वारा संचालित स्टार्टअप इनक्यूबेशन में इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव और उद्योग आधारित कौशल हासिल होंगे। टीआईएमए विद्यार्थियों को प्रशिक्षण और प्लेसमेंट सहायता भी प्रदान करेगा। एमओयू पर सोलन कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली और टीआईएमए के श्रेय अग्रवाल द्वारा हस्ताक्षर किए गए।