डीएसपी अशोक चौहान ने युवाओं से किया नशे से दूर रहने का आह्वान, विजेताओं को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन में चिट्टा मुक्त हिमाचल थीम के तहत महाविद्यालय की क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सोलन कॉलेज की टीम ओवरऑल विजेता बनीं। प्रतियोगिता में डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली ने उनका स्वागत किया व नशा मुक्त/चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत महाविद्यालय की ओर से किए जा रहे विभिन्न प्रयासों जैसे नुक्कड़ नाटक, मैराथन एवं अन्य प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। मुख्यातिथि ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा हर अपराध की जड़ है, विशेषकर चिट्टा जिसमें बड़ी संख्या में युवा वर्ग संलिप्त हो रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया व अपनी ऊर्जा नशे के बजाय खेलों में लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन सिखाते हैं और असफलता को स्वीकार कर आगे बढ़ने की क्षमता विकसित करते हैं, जो भविष्य में अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने ऐसे आयोजन के लिए राजकीय महाविद्यालय सोलन को बधाई दी। कार्यक्रम आयोजन सचिव डॉ. रवि राम ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सोलन कॉलेज के अतिरिक्त धर्मपुर, एलआर कॉलेज, बहारा विवि, बीएड कॉलेज सोलन, आईटीआई सोलन और डाइट सोलन की टीमों ने वॉलीबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस एवं शतरंज प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रतियोगिताओं के समापन पर प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर उन्हें बधाई दी।
इनसेट
ये रहे परिणाम
बैडमिंटन महिला वर्ग में सोलन कॉलेज की अक्षिता शर्मा व इशिता प्रथम, रिया व सिमरन द्वितीय रहीं। बैडमिंटन पुरुष डबल्स में एलआर कॉलेज के सिद्धार्थ व शौर्य प्रथम, एलआर कॉलेज के अक्षित राजपूत व अनीश द्वितीय स्थान पर रहे। बैडमिंटन पुरुष सिंगल्स में एलआर कॉलेज के सिद्धार्थ प्रथम, सोलन कॉलेज के यतिन द्वितीय रहे। शतरंज महिला वर्ग में सोलन कॉलेज की तराना प्रथम, रिया द्वितीय स्थान पर रहीं। शतरंज पुरुष वर्ग में सोलन कॉलेज के मयंक प्रथम, सुजल द्वितीय स्थान पर रहे। टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में सोलन कॉलेज के वर्दान प्रथम, मोहित द्वितीय रहे जबकि टेबल टेनिस महिला वर्ग में सोलन सोलन की नीतिका प्रथम और दीक्षा द्वितीय स्थान पर रहीं।
सोलन कॉलेज में चैस प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी। स्रोत: कॉलेज